उत्तर परेश के झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इस भीषण दुर्घटना में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई. इस हादसे में अबान के अलावा उसके एक अन्य साथी की भी जान चली गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
जेल में बंद भाई से मिलने आया था अबान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ कार में सवार होकर झांसी आया था. वह झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने के लिए गया था. जेल में मुलाकात पूरी होने के बाद, जब वह सभी वापस लौट रहे थे, तभी पूंछ थाना क्षेत्र के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए.
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों और मृतकों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोठ पहुंचाया. अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद अबान अहमद को मृत घोषित कर दिया. इस दुर्घटना में अबान के साथ एक अन्य साथी की भी मौत की पुष्टि हुई.वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए तीन अन्य युवकों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है.
पुलिस जांच और सुरक्षा के इंतजाम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, यह हादसा गाड़ी की ओवरस्पीड और चालक का वाहन से नियंत्रण खोने के कारण हुआ है. अतीक अहमद के बेटे के साथ हुए इस बड़े हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.
Bureau Report
Leave a Reply