हमारी केवल एक मांग- साहिल की FIR दर्ज होनी चाहिए, पुलिस बताए जांच अफसर का नाम: राहुल गांधी

हमारी केवल एक मांग- साहिल की FIR दर्ज होनी चाहिए, पुलिस बताए जांच अफसर का नाम: राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार (21 अगस्त) को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे. उनके साथ जंतर-मंतर आंदोलन में कथित पैलेट गन से पीड़ित साहिल लोचब भी रहे. थाने में राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारी से मुलाकात की और पैलेट गन के इस्तेमाल मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की. इसके बाद वह थाने से बाहर निकले और वहीं धरने पर बैठ गए. 

राहुल गांधी ने इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के खिलाफ ऐसी बर्बरता किसके कहने पर की गई और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है. उन्होंने एक पोस्ट में कहा कि अमित शाह इतना घबरा क्यों रहे हैं. ये डर दिखा रहा है कि आप अपना अपराध कबूल कर रहे हैं. इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि जब तक एफआईआर नहीं होगी, वह धरने पर बैठेंगे. 

पीड़ित को न्याय दिलाकर रहेंगे: राहुल गांधी

संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था. एम्स की रिपोर्ट साफ कहती है कि उनके शरीर के अंदर 200 से ज्यादा छर्रे हैं और 3 छर्रे उनकी आंख में हैं. उनकी उस आंख की रोशनी चली गई है. उनके दिल के पास भी छर्रे हैं जिन्हें छुआ नहीं जा सकता. दिल्ली पुलिस का कहना है कि उन्होंने पैलेट गन नहीं चलाई. तो, बस एक ही सवाल है: किसी ने तो ऐसा किया ही होगा अपराध तो हुआ ही है. 

आगे कहा कि हम मांग कर रहे हैं कि FIR दर्ज की जाए. उन्होंने हमें बताया कि उन्हें ऊपर से आदेश मिला है और वे FIR दर्ज नहीं कर सकते. जब तक FIR दर्ज नहीं हो जाती, हम यहां से नहीं हटेंगे. हम बस इस परिवार के लिए न्याय चाहते हैं. इस देश में अमित शाह का गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के लोग न्याय नहीं होने देंगे. 

राहुल गांधी का अमित शाह पर प्रहार 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने एक पोस्ट कर लिखा कि आज साहिल लोचव के साथ, उनके साथ हुई पुलिस बर्बरता के खिलाफ FIR दर्ज कराने संसद मार्ग के DCP कार्यालय पहुंचा. 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे साहिल पर पुलिस ने पैलेट गन से हमला किया. छर्रों से बुरी तरह घायल साहिल की एक आंख की रौशनी खतरे में है.

राहुल ने लिखा कि अब जब साहिल न्याय के लिए FIR दर्ज कराना चाहता है, तो वो भी नहीं करने दिया जा रहा. इस तरह संविधान और संवैधानिक अधिकारों को कुचला जा रहा है. अमित शाह जी न्याय से इतना क्यों घबरा रहे हैं? ये डर दिखा रहा है कि आप अपना अपराध कबूल कर रहे हैं. एफआईआर करनी ही होगी और दोषियों पर कार्रवाई भी होगी. 

पैलेट गन पीड़ित के साथ राहुल पहुंचे थाने 

राहुल गांधी साहिल लोचव के साथ डीसीपी ऑफिस पहुंचे. साहिल पिछले महीने जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन से घायल हो गए थे. राहुल गांधी ने पैलेट गन इस्तेमाल के मामले में लिखित पुलिस शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए डीसीपी ऑफिस के बाहर धरना दिया है. 

राहुल गांधी के धरने पर बैठने के साथ ही कई कांग्रेस के दिग्गज वहां पहुंचे. इसमें प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश भी शामिल हैं. बता दें कि राहुल गांधी ज्वाइंट सीपी नुपुर प्रसाद से मिलने पहुंचे थे. हालांकि, पुलिस ने इस मामले में कोई भी त्वरित एक्शन नहीं लिया है. 

राहुल गांधी के संपर्क में पुलिस अधिकारी 

समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा राहुल गांधी के लगातार संपर्क में हैं. शिकायत पीड़ित ने दर्ज कराई थी. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच पहले से ही 20 जुलाई को दर्ज सभी मामलों की जांच कर रही है. शिकायत करने वाले को बताया गया है कि उनकी शिकायत भी क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी.

सरकार पर बरसे कांग्रेस नेता 

इस प्रकरण पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि वह (राहुल गांधी) एफआईआर की मांग कर रहे हैं. हम उनके समर्थन में यहां आए हैं. हमें पूरी उम्मीद है कि वह सफल होंगे. इसके अलावा धरनास्थल पर पहुंचे अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी यहां छात्रों के लिए विरोध प्रदर्शन करने आए हैं. वह मांग कर रहे हैं कि एफआईआर दर्ज की जाए लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है. पुलिस तानाशाही रास्ता अपना रही है. इसलिए हम राहुल गांधी के विरोध में उनका समर्थन करने आए हैं. 

साहिल के वकील ने क्या कहा? 

संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पर पहुंचे पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोचव के वकील ने कहा कि 14 अगस्त को हम कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन गए थे. उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर से जुड़े सभी मामले संसद मार्ग पुलिस स्टेशन भेज दिए गए हैं. हम यहां आए. उन्होंने हमें बताया कि घटना कनॉट प्लेस इलाके में हुई है, इसलिए हमें वहीं जाना चाहिए. हम वापस उनके पास गए. जैसे ही उन्होंने शिकायत पढ़ी, उन्होंने उसे हमें वापस कर दिया और हमें काफी देर तक वहीं बिठाए रखा. 

आगे कहा कि SHO ने मुझसे फोन पर बात की और कहा कि वे यह केस नहीं लेंगे क्योंकि उन्हें ऊपर से आदेश मिले हैं. आखिर में हमने DCP क्राइम ब्रांच से संपर्क किया और हमें बताया गया कि शिकायतें सीधे वहां नहीं पहुंचतीं. LoP के यहां आने के बाद, शिकायत पर सिर्फ मुहर लगाई गई, लेकिन अभी भी FIR दर्ज नहीं की जा रही है. यह साफ तौर पर एक अपराध है. हमारे पास लेडी हार्डिंग अस्पताल की MLC कॉपी है जिसमें घाव और उनसे खून बहने का जिक्र है.

पैलेट गन पीड़ित कहा- FIR नहीं दर्ज हुई

संसद मार्ग थाने के बाहर पैलेट गन से घायल साहिल लोचव ने बताया कि 20 जुलाई को मुझ पर पैलेट गन से हमला किया गया था. मुझे लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहां से एम्स रेफर कर दिया गया. एम्स में मेरी सर्जरी हुई, लेकिन मेरी आंख की रोशनी अभी भी साफ नहीं है. 14 अगस्त को मैंने 7 पेज की शिकायत लिखकर अपने वकील को दी, लेकिन अभी तक FIR दर्ज नहीं की गई है. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*