अगर आप भी सैलरीड क्लास हैं तो यह खबर आपसे जुड़ी है. जी हां, लंबे इंतजार के बाद अब ईपीएफओ पीएफ निकासी प्रोसेस को डिजिटल बैंकिंग की तरह बेहद आसान और तेज बनाने पर काम कर रहा है. सब कुछ यदि तय योजना के हिसाब से हुआ तो सितंबर 2026 से ईपीएफओ मेंबर भीम यूपीआई के जरिये अपने पीएफ का पैसा सीधे UPI से लिंक बैंक अकाउंट में हासिल कर सकेंगे. नए सिस्टम का मकसद क्लेम करने से लेकर पेमेंट तक के पूरे प्रोसेस को फास्ट और सुविधाजनक बनाना है.
आपको यह समझना जरूरी है कि यूपीआई से पीएफ निकासी की सुविधा का मतलब यह नहीं है कि EPFO के पुराने नियम बदल गए हैं. पीएफ की निकासी के लिए मेंबर्स को पहले की ही तरह अपनी पात्रता से जुड़ी शर्तों को पूरा करना होगा.
UPI के जरिये PF निकासी, क्या बदलेगा?
मौजूदा समय में जब भी किसी EPF मेंबर को अपने पीएफ अकाउंट से पैसा निकालना होता है तो उसे ऑनलाइन ईपीएफओ (EPFO) सिस्टम के जरिये क्लेम सब्मिट करना पड़ता है. क्लेम मंजूरी के बाद पैसा बैंकिंग सिस्टम के जरिये मेंबर के रजिस्टर्ड बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाता है. इसमें कुछ दिन का समय लग जाता है. लेकिन प्रस्तावित UPI सिस्टम के तहत पेमेंट का यह आखिरी स्टेप काफी तेज होने वाला है. क्लेम प्रोसेस और अप्रूव होने के बाद पैसा सीधे UPI लिंक्ड बैंक अकाउंट में भेज दिया जाएगा. उम्मीद की जा रही है कि इस सर्विस की शुरुआत सबसे पहले भीम (BHIM) ऐप के जरिये होगी.
- BHIM UPI से कैसे होगी पीएफ निकासी?
- मेंबर का UAN एक्टिव होना चाहिए.
- आधार, पैन (PAN) और बैंक KYC पूरी तरह अपडेट होना चाहिए.
- रजिस्टर्ड बैंक खाता यूपीआई (UPI) से जुड़ा होना चाहिए.
- मेंबर को EPFO पोर्टल के जरिये पीएफ क्लेम सब्मिट करना होगा.
- EPFO नियमों के तहत क्लेम चेक करेगा और उसे मंजूरी देगा.
- मंजूरी के बाद, तय राशि सीधे UPI लिंक्ड बैंक अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगी.
UPI से कितना पीएफ निकाल सकेंगे?
पीएफ खाताधारकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या UPI के आने से लिमिट भी बदल जाएगी? फिलहाल इसको लेकर किसी तरह की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है कि UPI के जरिये पैसा निकालने के लिए अलग या नई लिमिट तय की जाएगी. इसलिए, कोई मेंबर कितना पैसा निकाल सकता है. यह पूरी तरह से EPFO के पुराने नियम और निकासी के कारण पर निर्भर करेगा.
- UPI से पीएफ निकालने की लिमिट नहीं बढ़ेगी.
- मौजूदा पात्रता शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगी.
- निकाली जाने वाली रकम क्लेम के प्रकार पर निर्भर करेगी.
- नई व्यवस्था का मकसद पैसे के भुगतान को फास्ट बनाना है.
क्या UPI से अपना पूरा पीएफ बैलेंस निकाल सकेंगे?
ऐसा जरूरी नहीं. पूरा पीएफ बैलेंस निकालने की मंजूरी इस पर निर्भर करेगी कि आप EPFO नियमों के तहत पैसा निकालने के लिए पात्र हैं या नहीं. निम्नलिखित स्थिति में आप आंशिक या पूरा पैसा निकाल सकते हैं-
- नौकरी छोड़ने के बाद (तय शर्तों के तहत)
- रिटायरमेंट के समय
- मेडिकल इमरजेंसी में
- घर खरीदने में जरूरी होने पर
- बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए
- शादी से जुड़े खर्चों के लिए
क्या क्लेम करते ही आ जाएगा पैसा?
इस सिस्टम का सबसे बड़ा मकसद क्लेम सेटलमेंट और पैसा ट्रांसफर करने में लगने वाले समय को कम करना है. EPFO पहले ही क्लेम के लिए ‘ऑटो-सेटलमेंट’ का दायरा बढ़ा रहा है. इससे कई क्लेम की प्रोसेसिंग पहले के मुकाबले काफी तेज हो रही है. क्लीयरेंस मिलने के बाद यूपीआई (UPI ) के जुड़ने से भुगतान का अंतिम चरण काफी तेज हो जाएगा. लेकिन ऐसा नहीं है कि हर पीएफ क्लेम तुरंत (Instant) उनके खाते में आ जाएगा. क्लेम वेरिफिकेशन, एलिजिबिलिटी चेक करना और अप्रूवल प्रोसेस की अहम भूमिका है.
BHIM UPI को ही तरजीह क्यों?
शुरुआती दौर में सरकारी डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म भीम (BHIM) पर ही फोकस किया जा रहा है. स्टैंडर्ड और सरकारी प्लेटफॉर्म से शुरुआत करने से ईपीएफओ (EPFO) को नए UPI बेस्ड पेमेंट सिस्टम को तैयार करने और पूरी तरह टेस्टिंग करने में मदद मिलेगी. एक बार यह सिस्टम सही तरके से काम करने लगेगा तो इसके बाद इसे Google Pay, PhonePe या Paytm जैसे दूसरे UPI ऐप्स के लिए शुरू किया जा सकेगा. हालांकि, इस पर अभी किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
नई व्यवस्था का फायदा किसे होगा?
नई सुविधा करोड़ों सैलरीड क्लास और कर्मचारियों के लिये बेहद मददगार साबित होगी, जो बिना किसी कागजी परेशानी के अपने पैसे को जल्द से जल्द पाना चाहते हैं. इसके कुछ फायदे ये हो सकते हैं-
- अप्रूव क्लेम अमाउंट का तेजी से बैंक अकाउंट में ट्रांसफर होना.
- पारंपरिक बैंकिंग प्रोसेसिंग पर निर्भरता में कमी आना.
- पीएफ ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत कम होना.
- पेमेंट प्रोसेस में ट्रांसपेरेंसी और ज्यादा स्पष्टता आना.
- क्लेम अप्रूव होने के बाद पीएफ के पैसे तक आसान पहुंच होना.
क्या EPFO UPI सुविधा शुरू हो गई?
नहीं. यह सुविधा अभी नॉर्मल मेंबर्स के लिए आधिकारिक तौर पर शुरू नहीं हुई है. EPFO की तरफ से रोलआउट की औपचारिक घोषणा के बाद इसे सितंबर 2026 से BHIM UPI के जरिये शुरू किये जाने की उम्मीद है. तब तक सभी मेंबर्स को मौजूदा ऑनलाइन पीएफ क्लेम और पेमेंट सिस्टम का ही यूज करना होगा.
Bureau Report
Leave a Reply