युद्ध और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच भारत ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उम्मीद से बेहतर जीडीपी ग्रोथ हासिल किया है. चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही ने भारतीय अर्थव्यवस्था ने 7.8 फीसदी का ग्रोथ हासिल किया है. जहां अर्थशास्त्रियों ने उम्मीद की थी कि देश की विकास की रफ्तार 7.1 या 7.2 फीसदी के बीच रह सकती है, उससे बेहतर परिणाम मिले हैं. भारतीय इकोनॉमी ने इन उम्मीदों को पीछे छोड़ दिया. पिछले साल की समान तिमाही में ये आंकड़ा 6.9 फीसदी का था.
पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- तेजी से आगे बढ़ रहा है भारत
दुनिया में सबसे तेज रफ्तार से बढ़ रही इकोनॉमी बनने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी है. सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर उन्होंने इस ग्रोथ के लिए बधाई दी और इसे बनाए रखने का मंत्र भी दिया. SCO समिट में शामिल होने बिश्केक पहुंचे पीएम मोदी ने वहां से वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को बधाई दी. 7.8% का ग्रोथ रेट हासिल करने पर उन्होंने उनके संकल्प और मेहनती स्वभाव के लिए बधाई देने के साथ-साथ जिम्मेदारी सौंपी है.
उन्होंने कहा कि 7.8 फीसदी ग्रोथ से देश खुशियों से भर गया है. मैं देशवासियों को उनके संकल्प शक्ति, पुरुषार्थ के लिए बधाई देता हूं. यह एक सामुहिक शक्ति का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि दुनिया युद्ध में डूबी हुई है. चारों तरफ से युद्ध की खबरें आ रही हैं. विश्व संकटों से घिरा हुआ है. सप्लाई चेन पूरी तरह से डिस्टर्ब है. 2020 में कोविड काल से लेकर अब तक कहीं पर भी स्थिरता नहीं नजर आ रही है. उसके बावजूद भी भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है.
विपक्षियों पर पीएम मोदी का निशाना
देशवासियों को बधाई देने के साथ-साथ उन्होंने विपक्षियों पर निशाना भी साधा. बिना नाम लिए उन्होंने कहा, इस बीच, देश के भीतर कुछ लोग निराशा के अंधेरे में डूबे हुए हैं, जो झूठ फैला रहे हैं. इन सबसे ऊपर उठकर देश ने 7.8% की विकास दर हासिल की है. हमे अब इस रफ्तार को बनाए रखना है. उसके लिए उन्होंने तीन मंत्र भी साधा किए.
पीएम मोदी का मंत्र
उन्होंने विकसित भारत बनने के लिए देशवासियों के साथ तीन मूलमंत्र साझा किए हैं. जिसमें उन्होंने स्वदेशी, मेड इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत को बल देने की बात कही. उन्होंने लोगों से स्वदेशी को अपनाने से लेकर सोना ना खरीदने की अपील की.
पहला मंत्र: मेड इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल के जरिए आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देना.
दूसरा मंत्र: विदेश यात्रा और विदेशों में डेस्टिनेशन वेडिंग की प्लानिंग से बचना
तीसरा मंत्र: सोना कम से कम खरीदने की अपील की है.
पीएम मोदी ने कहा कि हमे स्वदेशी पर बल देना होगा. वोकल फॉर लोकल का मंत्र अपनाना होगा. सिर्फ मौज-मस्ती के लिए विदेश यात्रा करने या विदेशों में शादियां करने से बचना होगा. जरूरी न हो, हमें सोना खरीदने से भी बचना चाहिए. पीएम मोदी ने आगे कहा कि हमको इस गति को बनाए रखना है. हमें बढ़ना भी है और इसके लिए आत्मनिर्भर भारत बनना बहुत जरूरी है. ‘मेड इन इंडिया’ के मंत्र को जीना चाहिए. हम जितना ज्यादा स्वदेशी पर बल देंगे, जितना आत्मनिर्भर पर बल देंगे तो मुझे विश्वास है कि जब आजादी के 100 वर्ष होंगे तो हम युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौपेंगे. प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी के सपनों को हम आज अपने परिश्रम से साकार करके रहेंगे. हमारी नीति सही है, नीयत साफ है और 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति आज एकजुट होकर देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है.
Bureau Report
Leave a Reply