शराबियों पर मेहरबान हिमाचल सरकार! झूमने वालों को हवालात नहीं होटल पहुंचाएगी पुलिस; CM सुक्खू ने किया ऐलान

शराबियों पर मेहरबान हिमाचल सरकार! झूमने वालों को हवालात नहीं होटल पहुंचाएगी पुलिस; CM सुक्खू ने किया ऐलान

शिमला: हिमाचल आए या आने वाले सैलानियों के लिए खुशखबर है। सूक्खू सरकार ने पर्यटकों के लिए खास घोषणा की है।

अब शराब पीकर झूमने वाले हवालात की हवा नहीं बल्कि होटलों में पहुंचाए जाएंगे। दरअसल, अधिक शराब के सेवन पर बहक जाने पर पुलिस पर्यटकों पर कार्रवाई नहीं करेगी, बल्कि उन्हें होटल पहुंचाएगी।

झूमने वालों को हवालात नहीं बल्कि होटल पहुंचाएगी पुलिस

वहीं, हिमाचल प्रदेश में पांच जनवरी तक ढाबा, रेस्तरां व दुकानें रातभर खुली रहेंगी। सरकार ने नियमों में छूट दी है कि यदि पर्यटन कारोबारी चाहता है तो रात को भी सैलानियों के लिए सेवा उपलब्ध करवा सकता है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को राजधानी शिमला में विंटर कार्निवाल का शुभारंभ करने के बाद कहा कि सैलानी मौज मस्ती करने आते हैं, उन्हें हवालात की सैर करवाना ठीक नहीं है।

सिर्फ सैलानियों के लिए लागू होगी व्यवस्था

यदि सैलानी झूम जाता है तो पुलिस उसे होटल पहुंचाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था सिर्फ सैलानियों के लिए लागू होगी। स्थानीय लोगों को इसमें कोई छूट नहीं दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के दौरान हिमाचल के पर्यटन को बहुत नुकसान हुआ था। उम्मीद नहीं थी कि इसकी भरपाई होगी।

हिमाचल में उमड़े सैलानी

दो-तीन दिन में हिमाचल में सैलानियों की संख्या काफी बढ़ी है। कुल्लू-मनाली में पर्यटक वाहनों की भारी आमद के कारण लंबा यातायात जाम लग रहा है। शिमला में ही एक ही दिन में औसतन 16 हजार पर्यटक वाहन आ रहे हैं।

शहर के सर्कुलर मार्ग को चौड़ा करने के लिए सरकार ने भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि शिमला में पहली बार हो रहा विंटर कार्निवाल भी व्यवस्था परिवर्तन का हिस्सा है।

450 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में डाली

यह एक पहल है। इसके अच्छे परिणाम भी आ रहे हैं। यह सोच है कि सैलानियों की संख्या किस तरह से बढ़ाई जाए। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के लिए पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, शहर के विधायक हरीश जनार्था और महापौर सुरेंद्र चौहान की पीठ थपथपाई।

इस आयोजन से सैलानियों का विश्वास शिमला और हिमाचल के लिए और बढ़ेगा। महानाटी रिज मैदान पर विंटर कार्निवाल शुरू होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच जनवरी तक यह आयोजन होगा। मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाई। करीब 450 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में महानाटी प्रस्तुत की। इनमें स्वयं सहायता समूहों की सदस्य व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहीं।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*